स्टार्ट अप बूट क्लब्स से विज्ञान और तकनीक में निपुण होंगे छात्र

शीघ्र ही राजस्थान के चुनिंदा राजकीय विवेकानन्द मॉडल विद्यालयों में "स्टार्ट अप बूट क्लब" खोलने की शुरुआत की जाएगी जिनका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, टैक्नोलॉजी, आई.टी. के प्रति जागृति उत्पन्न करना होगा।

Scroll down for more.!

राजस्थान में छात्रों को विज्ञान ओर तकनीक में दक्ष बनाने के लिये शुरू किये जा रहे "स्टार्ट अप बूट क्लब" की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और शीघ्र ही प्रदेश के चुनिंदा राजकीय विवेकानन्द मॉडल विद्यालयों में क्लब्स खोलने की शुरुआत की जाएगी। विज्ञान एवं तकनीक शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने आज यहां कहा कि योजना के तहत प्रथम चरण में प्राथमिकता के आधार पर 71 मॉडल स्कूलों में स्टार्ट अप बूट क्लब स्थापित किये जायेगें।

इन मॉडल स्कूलों की स्थापना राज्य के पिछड़े ब्लॉकों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि इन स्टार्ट अप बूट क्लब का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, टैक्नोलॉजी, आई.टी. के प्रति जागृति उत्पन्न करना है। इन क्लबों में माइक्रो प्रोसेसर बेस इलेक्ट्रोनिक किट, सेंसर किट एवं रोबोटिक किट के संयोजन से विद्यार्थियों में प्रोग्रामिंग के माध्यम से नवाचारों, क्रियात्मकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रति विद्यालय स्टार्ट अप बूट क्लब में 10 किट एवं प्रथम चरण में 71 मॉडल विद्यालयों में 710 किट वितरित की जाएंगी। इस किट का उपयोग कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थी कर पाएंगे। श्रीमती माहेश्वरी ने कहा कि इन मॉडल विद्यालयों के शिक्षकों को किट की कार्यप्रणाली को समझाने के लिए आज से पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया गया है।

स्टार्ट अप बूट क्लब के माध्यम से राज्य के विद्यार्थी भविष्य में होने वाले टेक्नोलोजी परिवर्तन के लिए तैयार हो पाएंगे एवं उनमें उद्यमशीलता के कौशल का विकास हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि केरल राज्य में भी विद्यार्थियों के लिए माइक्रो प्रोसेसर बेस्ड किट सफलता पूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। राज्य सरकार ने इस किट को सेंसर एवं रोबोटिक के साथ जोड़ते हुए एक नवीन एवं अभिनव सेट तैयार करवाया है, जिससे ना केवल स्कूल के विद्यार्थियों में प्रोग्रामिंग में रूचि जागृत होगी बल्कि रोबोटिक्स और सेंसर किट के माध्यम से व्यवहारिक अनुप्रयोग भी सीख पाएंगे।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के कार्यक्रम 'अटल इनोवेशन मिशन' में स्कूलों के लिए अटल टिंकर लैब में भी विद्यार्थियों को इन्टरनेट ऑफ थिंग्स, इलेक्ट्रोनिक किट के माध्यम से नवाचार एवं क्रियात्मकता को बढावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे है।

स्त्रोत: नयाइंडिया

Tags

See Also