रूस गणराज्य का प्रतिनिधि मंडल जयपुर यात्रा पर

Navsanchar Samachar Apr 06, 2017, Shailesh

Scroll down for more.!

जयपुर: रूस गणराज्य के दूरसंचार एवं जनसंचार राज्य मंत्री श्री एलेक्सी वोलिन सात सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल के साथ दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को जयपुर पहुंचे । उन्होंने जयपुर दूरदर्शन केन्द्र का भ्रमण कर अधिकारियों से वहां की कार्य प्रणाली की जानकारी हासिल की तथा दूरदर्शन के स्टूडियों, टेप लाइब्रेरी और समाचार कक्ष का अवलोकन किया।

इस अवसर पर रूस गणराज्य के दूरसंचार एवं जनसंचार मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार के नियंत्रण में संचालित टीवी चैनल में बनने वाले कार्यक्रम जानकारी देने के साथ ही रूचिकर हो जिससे कि दर्शकों में कार्यक्रम देखने की रूचि बनी रहे।

उन्होंने बताया कि रूस गणराज्य में करीब 3 हजार निजी टीवी चैनल्स है, वहां सरकारी नियंत्रण के तहत 3 राष्ट्रीय टीवी चैनल्स के साथ ही एक चैनल पूर्णतया वहां के रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित किया जाता है। एक चैनल पूर्णतया जनता के लिए है जिस के माध्यम से आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रसारित किया जाता है।

इस अवसर पर जयपुर दूरदर्शन के निदेशक श्री रमेश शर्मा ने उन्हें केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर रूसी प्रतिनिधि मंडल को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत, लोक जीवन एवं विकास पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई ।

रूस गणराज्य के प्रतिनिधि मंडल ने बाद में जयपुर के ऎतिहासिक हवामहल तथा जलमहल को देखा तथा यहां के सौंदर्य, वास्तुशिल्पी की मुक्तकंठ से प्रशंसा की एवं फोटो भी खिचवाए।

इस अवसर पर रूस गणराज्य के श्री पावेल नोगोइटसा, महानिदेशक, रोसीयस्कया गजेटा, निदेशक विकास एस.पी.बी.टीवी श्री फिलिप दमित्री किरीलोविच सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।

See Also