देश में सबसे श्रेष्ठ है राजस्थान राज्य अभिलेखागार : कलेक्टर

Khaas Khabar Mar 16, 2017, 14:18 IST

Scroll down for more.!

बीकानेर। राजस्थान राज्य अभिलेखागार में ग्लिम्पसेज ऑफ स्टेट एंड सोसाइटी थू्र आर्काइवल रिकार्ड्स विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय चतुर्थ सेमीनार के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि कलेक्टर वेदप्रकाश ने विभाग में रखे रजवाड़ों के अभिलेखों की व्यवस्था तथा उनके डिजिटलाइजेशन की प्रशंसा की और राजस्थान राज्य अभिलेखागार को देश का श्रेष्ठ अभिलेखागार बताया। उन्होंने विभाग के कार्यों तथा डॉ. महेन्द्र खडगावत के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सेमीनार का शुभारंभ किया। राजस्थान राज्य अभिलेखागार बीकानेर के निदेशक डॉ. महेन्द्र खडगावत ने स्वागत भाषण में सेमिनार के माध्यम से विभाग में रखे पुराभिलेखों में छुपी विधाओं को शोध जगत के सामने लाने के प्रयास का उद्देश्य बताया। 

जेएनयू के पूर्व विभागाध्यक्ष इतिहास डॉ. दिलबाग सिंह ने विषय विवेचन किया। राजस्थानी के साथ-साथ मराठी अभिलेखों का अध्ययन कर राजस्थान से संबंधित नए संदर्भों को उजागर करने की आवश्यकता जताई। विशिष्ट अतिथि एसपी डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने पुलिस थानों में रखे अभिलेखों से पुलिस व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर शोध करने के लिए प्रेरित किया तथा राजस्थान राज्य अभिलेखागार के साथ नए साझा प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता गिरिराज सिंह कुशवाह, सचिव, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने की।

See Also