राजस्थान दिवस: लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखरी

Patrika News Network Mar 30, 2017, 10:09 IST

Scroll down for more.!

जोधपुर

यह बहुत खूबसूरत और मोहक नजारा था। मधुर लोक संगीत और आकर्षक लोक नृत्य से विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखरी। कार्यक्रम का संगीत रसिकों ने खूब आनंद लिया। राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थान संगीत नाटक अकादमी की मेजबानी में बुधवार सांझ टाउन हॉल में आयोजित रंगारंग सांझ लोक कलाकारों ने गजब की धमचक मचाई।

एक से बढ़ कर एक नजारा

राजस्थान की कोहिनूर लंगा पार्टी ने ताल कचहरी नृत्य पेश कर रंग जमाया। वहीं हरियाणा की रवींद्रकुमार- सुरेशकुमार पार्टी की नृत्यांगनाओं ने हाथों में दीपक थाम कर दीपक नृत्य पेश किया, जिसमें कार्तिक महीने के दौरान फसल लहलहाने का दृश्य पेश कर दर्शकों को अभिभूत कर दिया। इसी प्रकार राजस्थान की लीलादेवी पादरला ने लुभावने तेरहताली नृत्य की प्रस्तुति से भावविभोर कर दिया।

पानी से धरती का शृंगार

देवेन बाबू एंड पार्टी ने सिकला बरधाई सामूहिक नृत्य से खूबसूरत नजारा पेश किया। इस पेशकश में आंधी तूफान के बाद धरती को पानी हुए नुकसान के बाद का सकारात्मक पहलू यह बताया कि पानी से फसलें होती हैं और धरती शृंगार करती है। वहीं देवी पूजा की भी खुशी होती है। इसके अलावा किशनगढ़ की वीरेंद्रसिंह एंड पार्टी ने चरी नृत्य प्रस्तुत कर मन मोह लिया। हरियाणा कला परिषद की पेशकश बोले पपैया के तहत फसल उगने के बाद नैसर्गिक सौंदर्य और पक्षियों की खुशी का दृश्य पेश कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर लाई हारोबा गु्रप के नेतृत्व में नर्तकों व नर्तकियों ने लिम्बा थोबी जागोई मणिपुरी नृत्य प्रस्तुत कर प्रकृति व प्रेम नृत्य में भावनाओं की खूबसूरती से अभिव्यक्ति की तो सभी वाह वाह कर उठे। कार्यक्रम के दौरान अप्पानाथ एंड पार्टी ने आकर्षक कालबेलिया नृत्य पेश कर अभिभूत कर दिया। अंत में अकादमी सचिव महेश पंवार ने आभार प्रकट किया। संचालन प्रमोद सिंघल ने किया।

खुले प्रांगण में इंद्रधनुषी नजारा

राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रमों की शृंखला में अकादमी परिसर- टाउन हॉल के खुले प्रांगण में बालोतरा की लाल आंगी गेर,कम्मो का बाड़ा, डांडिया गेर, जोधपुर की मालियों की गेर और झालावाड़ के बिन्दौरी नृत्य और लक्ष्मणगढ़ के डफ नृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

See Also