एक बार फिर शीतलहर की ओट में प्रदेश, माउंट आबू में पारा जीरो पर पहुंचा

प्रदेश में हुई मावठ के बाद लगातार शीतलहर देखने को मिल रही है। साथ ही मौसम में भारी गिरावट भी हुई है। बीती रात माउंट आबू में पारा फिर से जीरो पर पहुंच गया है।

Scroll down for more.!

हिमाचल प्रदेश सहित अन्य पूर्वी इलाकों में फिर से शुरू हुई बर्फबारी का असर राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है। हाल ही में प्रदेश में हुई मावठ के बाद लगातार शीतलहर देखने को मिल रही है। साथ ही मौसम में भारी गिरावट भी हुई है। बीती रात माउंट आबू में पारा फिर से जीरो पर पहुंच गया है। इससे पहले 29 दिसम्बर को यहां तापमान माइनस 1 रिकॉर्ड हुआ था। राजधानी जयपुर में पारा 5.8 रिकॉर्ड हुआ है जो सामान्य से 4 डिग्री तक कम रहा। रविवार की रात अब तक की सबसे सर्द रात रही। यही हाल अन्य जिलों का भी रहा है। अधिकतर जिलों में बीती रात के तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। कड़कड़ाती ठंड से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हवा में नमी होने से गलन बढ़ी है। रात में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

बात करें सीकर के फतेहपुर शहर की तो यहां पारा मामूली चढ़ा। शुक्रवार रात यहां तापमान माइनस 3.5 डिग्री था जो बीती रात माइनस 1.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। अजमेर के पुष्कर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां पारा 3 डिग्री तक आ पहुंचा है। आस-पास के गावों में खेतों में बर्फ जम गईं बाहर खड़ी कारों पर ओस की बूंदें जम गई हैं। इसी तरह चूरू, सीकर, वनस्थली, पिलानी आदि शहरों में तापमान 5 से नीचे रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जयपुर सहित अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झुंझुनू, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

Tags

See Also