BSF और पाक रेंजरों ने जीरो लाइन पर पहली बार मनाई ईद, एक-दूसरे को दी मिठाईयां

ऐसा पहली बार हुआ है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के तीन गेट एक साथ खुले। खास तौर पर ईद की मुबारकबाद देने के लिए पाक रेंजरों के साथ फ्लैग मीटिंग की गई।

Scroll down for more.!

बीकानेर(राजस्थान). बीकानेर से करीब 200 किमी दूर भारत-पाक बॉर्डर की सीमा चौकी सुधीर, खेरुला और नीचे की पर सोमवार सुबह एक साथ, एक ही वक्त अंतरराष्ट्रीय गेट खुले। भारत की तरफ से बीएसएफ के जवान और सामने पाकिस्तान की सीमा चौकी पर तैनात रेंजर्स ने भी एक साथ कदम बढ़ाए। कुछ ही मिनट में दोनों तरफ के जवान अपने-अपने देश के झंडे के साथ जीरो लाइन पर भारतीय पिलर के पास पहुंच कर रुक गए। दोनों तरफ से परिचय हुआ। चारों तरफ नजर दौड़ाई। दूर-दूर तक सन्नाटा था। औपचारिकता खत्म कर दोनों देशों के जवानों ने हाथ मिलाए और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर मिठाई का आदान-प्रदान भी हुआ। देश में अमन चैन के लिए दुआ की गई।

यह द्रश्य खाजूवाला सेक्टर की सीमा चौकियों पर पहली बार नजर आया है। ईद तो हर साल आती है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के तीन गेट एक साथ खुले। खास तौर पर ईद की मुबारकबाद देने के लिए पाक रेंजरों के साथ फ्लैग मीटिंग की गई। बीएसएफ के इस प्रयास को दोनों देशों के बीच तनाव कम कर अमन और शांति के पैगाम रूप में देखा जा रहा है। अनूपगढ़ सेक्टर में भी फ्लैग मीटिंग कर बीएसएफ और पाक रेंजरों ने ईद की खुशियां मनाई। बीएसएफ ने उन्हें आम के टोकरे भेंट किए तो रेंजरों ने बदले में मिठाई दी।

भारतीय सीमा चौकी सुधीर से कंपनी कमांडर सहायक समादेष्टा जयप्रकाश शर्मा, सीमा चौकी खेरुला से निरीक्षक संदीप कुलडिय़ा एवं सीमा चौकी नीचे वाली से निरीक्षक बृजगोपाल बिश्वास मौजूद रहे। इसी प्रकार पाक सीमा चौकी बिलाल शाहिद से इंस्पेक्टर शाह दीन, हसन वाली पोस्ट से मुब्बासार तथा एसआई इरफान नीम शाहिद पोस्ट से फ्लैग मीटिंग में शामिल हुए।

सेक्टर की तीन सीमा चौकियों पर सोमवार को पाक रेंजरों के साथ फ्लैग मीटिंग कर उन्हें ईद की बधाई दी गई। इस प्रयास से दोनों देशों के बीच शांति और सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

Source: Bhaskar News

See Also