राजस्थान विधुत निगम की सौगात: दिवाली पर नही होगी कटौती

दीपावली से पहले करीब सवा दो माह से बिजली कटौती की समस्या झेल रहे प्रदेशवासियों को दीपावली में घरों व संस्थानों पर सजावट के लिए निर्बाध आपूर्ति मिलेगी।

Scroll down for more.!

दीपावली से पहले विद्युत तंत्र के रख-रखाव को लेकर करीब सवा दो माह से बिजली कटौती की समस्या झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए अच्छी खबर है। जोधपुर, अजमेर, जयपुर डिस्कॉम सहित सभी निगम व डिस्कॉम ने मेंटीनेंस का काम पूरा कर लिया है। दीपावली में अब लोगों को घरों व संस्थानों पर सजावट के लिए निर्बाध आपूर्ति मिलेगी।

इसके लिए जयपुर शहर अधीक्षण अभियंता से लेकर टैक्नीकल हैल्पर पूरी तरह से अलर्ट हो गए हैं। विद्युत आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए राउंड दा क्लॉक कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है।

दो हजार से ज्यादा का स्टाफ पांच घंटे अतिरिक्त डयूटी करेगा

बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए जयपुर सिटी सर्किल में दो हजार से अधिक के स्टाफ को पांच घंटे से अधिक अतिरिक्त डयूटी के निर्देश दिए गए हैं। 16 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक रोजाना सायं 6 बजे से रात 11 बजे तक बिजली के फाल्ट को दुरुस्त करने के लिए 11 एक्सईएन, 43 एईएन, 80 जेईएन के साथ-साथ दो हजार टैक्नीकल हैल्पर तमाम उपकरणों के साथ तैनात रहेंगे।

958 जीएसएस में फीडर सुधार कार्य पूरा

जयपुर डिस्कॉम के सिटी सर्किल में अगस्त से शुरू हुए फीडर सुधार अभियान के तहत 7 अक्टूबर तक तमाम मेंटिनेंस कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इसके तहत 11 केवी के 817 जीएसएस, 33 केवी के 141 जीएसएस में मेंटीनेंस किया गया। इस बार अभियान में 176 11 केवी के नए फीडर स्थापित किए गए हैं। वहीं, फीडर सुधार कार्यक्रम के दौरान अगस्त माह में 127, सितंबर में 49 व 15 अक्टूबर तक 60 ट्रांसफार्मर बदले गए।

अस्थाई कनेक्शन के लिए 61 आवेदन, 29 कनेक्शन जारी

घरों-संस्थान पर सजावट को देखते हुए बिजली के लोड को मेंटेंन करने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने शहर में 19 अतिरिक्त नए अस्थाई ट्रांसफार्मर लगाए हैं। इसके अलावा सजावट के लिए अस्थाई अतिरिक्त कनेक्शन लेने के लिए 61 जनों ने आवेदन किए इनमें से 29 को कनेक्शन जारी कर दिए गए हैं। हालांकि इस बार गत वर्ष की तुलना में करीब 20 आवेदन कम प्राप्त हुए हैं।

अधीक्षण अभियंता, जयपुर सिटी सर्किल के अजीत सक्सैना ने बताया कि त्यौहारी सीजन में चौबीसों घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए जयपुर शहर में फीडर सुधार का तमाम कार्य पूरा कर लिया गया है। 16 से 30 अक्टूबर तक सभी एक्सईएन, एईएन, जेईएन व टैक्नीकल स्टाफ की अतिरिक्त डयूटी रहेगी, ताकि फाल्ट को तुरंत दुरूस्त किया जा सके।

source: hellorajasthan

Tags

See Also