जुलाई-अगस्त में शुरू होंगी जयपुर एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए फ्लाइट्स

जुलाई और अगस्त माह में 11 नई फ्लाइट्स जयपुर एयरपोर्ट से शुरू होने जा रही हैं

Scroll down for more.!

मानसून में बढ़ने जा रही हैं जयपुर में फ्लाइट्स | फोटो: जितेन राठौड़जयपुर. जयपुर वासियों पर जल्दी ही दोगुनी खुशियों की बारिश होने वाली है। दरअसल जल्दी ही जयपुर में मानसून प्रवेश करने वाला है। वहीं एयरपोर्ट पर भी नई फ्लाइट्स का मानसून प्रवेश करने वाला है।

जयपुर एयरपोर्ट अब देश के उन चुनिंदा एयरपोर्ट में शामिल होने जा रहा है, जहां से मध्य रात्रि में भी दिन की तरह फ्लाइट जाएंगी। वैसे तो पिछले 1 साल से ही फ्लाइट्स बढ़ रही हैं, लेकिन जुलाई और अगस्त में रिकॉर्ड तोड़ फ्लाइट्स बढ़ेंगी।

एक जुलाई से शुरू होने वाला यह सिलसिला अगस्त के मध्य तक चलेगा। अलसुबह से लेकर देर रात तक के स्लॉट में नई फ्लाइट्स शुरू होंगी। ऐसे में एयरपोर्ट प्रशासन के सामने यह समस्या हो गई है कि वे नई फ्लाइट्स के लिए कौनसा स्लॉट रखें। क्योंकि अधिकांश स्लॉट में यात्रीभार पहले से ही ज्यादा है और इनको हैंडल करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद संसाधन कम पड़ने लगे हैं।

वहीं जयपुर एयरपोर्ट पर अब रात में विमानों की पार्किंग भी बढ़ने लगी है। फिलहाल रोज 6 विमान जयपुर एयरपोर्ट पर पार्क हो रहे हैं, अगले माह एयर इंडिया के 1 और विमान की नाइट पार्किंग शुरू हो जाएगी।

कब-कब कौनसी फ्लाइट शुरू होंगी

- 1 जुलाई से तीन फ्लाइट शुरू होंगी स्पाइसजेट एयरलाइन की 1 गुवाहाटी और 2 फ्लाइट हैदराबाद के लिए।

- 5 जुलाई से लखनऊ के लिए अलायंस एयर शुरू करेगी फ्लाइट

- 16 जुलाई से 4 नई फ्लाइट जेट एयरवेज शुरू करेगी लखनऊ, उदयपुर, इंदौर, दिल्ली के लिए 1-1

- 15 जुलाई से एयर एशिया कोलकाता के लिए शुरू कर सकती एक फ्लाइट।

- अगस्त में बेंगलूरु और बैंकॉक की फ्लाइट भी शुरू होंगी।

जुलाई-अगस्त में जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स बढ़कर लगभग 58 हो जाएंगी। अब कुल 47 फ्लाइट चल रही हैं। फ्लाइट्स का अर्धशतक पहली जुलाई को ही पूरा हो जाएगा। साथ ही जयपुर एयरपोर्ट फ्लाइट संचालन के मामले में लखनऊ, गुवाहाटी और त्रिवेंद्रम से भी आगे हो जाएगा।

स्रोत: भास्कर न्यूज़

See Also