बाड़मेर में खेला 1600 वर्गफीट की सांप सीढ़ी का खेल, बनाया रिकॉर्ड

बाड़मेर जिला प्रशासन ने स्वीप सांप सीढ़ी के माध्यम से मतदान जागरूकता का मैसेज देने का प्रयास किया और खेल-खेल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना दिया।

Scroll down for more.!

7 दिसम्बर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनावों में इस बार जमकर मेहनत की जा रही है। नए मतदाताओं को लुभाने एवं जागरूक करने के लिए निर्वाचन आयोग नए-नए तरीके अपना रहा है। हाल ही में आयोग ने सेल्फी कैम्पेन जारी किया था। अब बाड़मेर जिला प्रशासन ने स्वीप सांप सीढ़ी के माध्यम से मतदान जागरूकता का मैसेज देने का प्रयास किया और खेल-खेल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना दिया। मतदाता जागरूकता को समर्पित गेम शो के जरिए ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड’में 1600 वर्ग फीट की देश की सबसे बड़ी सांप सीढ़ी का नया रिकॉर्ड बना। मतदान जागरूकता कार्यक्रम में राज्य में पहली बार नेशनल रिकॉर्ड बनाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते और सैकड़ों बालिकाएं इस नए रिकॉर्ड की साक्षी बनीं। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रसाद मदन नकाते ने खेल खेल के जरिए मतदान के लिए जागरुकता की इस अनूठी मुहिम की जमकर सराहना की।

Read more: वरिष्ठ अध्यापक (सेकंड ग्रेड) परीक्षा-2018 के प्रवेश पत्र जारी

पिछला रिकॉर्ड 900 वर्ग फीट की सांप सीढ़ी का था

बाड़मेर प्रशासन की ओर से 1600 वर्ग फीट की सांप सीढ़ी के साथ लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। देश की सबसे बड़ी सांप सीढ़ी का पिछला रिकॉर्ड जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की डब्ल्यूएसएसओ इकाई के आईईसी कंसल्टेंट अशोक सिंह राजपुरोहित के नाम है जो 900 वर्ग फीट की है।

नियम सारे खेल के, किसी ने चढ़ी सीढ़ी तो किसी को सांप ने डसा

स्वीप सांप सीढ़ी में सामान्य तौर पर खेल में आने वाले सभी नियमों का इस्तेमाल किया गया। खेल में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना, मतदान के दिन अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करना, सही उम्मीदवार को मतदान और भेदभाव मुक्त मतदान प्रगति आदि की सीढ़ियां थी। वहीं मतदाता सूची के प्रति लापरवाही, उदासीनता, लोभ में मतदान, भेदभाव पूर्ण मतदान, दबाव में मतदान, भ्रामक प्रचार, अफवाह फैलाने पर सांप डस लेता है जो आपको नीचे गिरा देता है। गेम शो के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया है।

इनका कहना है

मतदाता जागरूकता को समर्पित गेम शो के जरिए लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में देश की सबसे बड़ी सांप सीढ़ी का नया रिकॉर्ड बनाया गया है। इस तरह के नवाचारों से सहजता से जनजागरण का संदेश मुखर होता है। - राकेश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी

Read more: 'सेल्फी खींचो और इनाम पाओ' खास है चुनाव आयोग का यह अभियान

Tags

See Also