आज घर घर हो रहा कंजक पूजन, दुर्गा मंदिर मे 3100 ज्योत की महाआरती आज

Patrika news network Apr 04, 2017, 07:26 IST

Scroll down for more.!

श्रीगंगानगर.

देवी दुर्गा की उपासना के पर्व चैत्र नवरात्र के तहत मंगलवार को दुर्गाष्टमी मनाई जाएगी। इस क्रम में सुबह मंदिरों में कंजक पूजन होंगे तथा देवी दुर्गा को चुनरी, नारियल, प्रसाद, फल आदि अर्पित किए जाएंगे। इस दौरान घरों में पकवान बनाकर कन्याओं का पूजन किया जाएगा तथा उन्हें भोजन करवाया जाएगा। सोमवार को पूरा दिन शहर के विनोबा बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा का शीश नवाया तथा मंदिर के बाहर सजे बाजार से खरीदारी की। दुर्गा मंदिर के आसपास के इलाके में कन्या पूजन के बाद कन्याओं को भेंट की जाने वाली सामग्री, चुनरी, फलों आदि की सोमवार को जमकर खरीदारी हुई।

विनोबा बस्ती के दुर्गा मन्दिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शाम के समय मंदिर में पांव रखने के लिए भी जगह नहीं रहती है। इस क्रम में मंदिर में मंगलवार शाम आठ बजे महाआरती होगी। पुजारी ऋषिराज शर्मा 3100 ज्योत की महाआरती करेंगे। 

महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

सेतिया कॉलोनी गली संख्या तीन स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर और साईं बाबा मंदिर में मां शेरावाली महोत्सव के तहत कार्यक्रम चल रहे हैं। इस क्रम में मंगलवार शाम 5.30 बजे से डांडिया नृत्य कार्यक्रम होगा। प्रवक्ता मोहन सोनी ने बताया कि सप्तमी पर पुजारी लक्ष्मीनारायण मिश्र और शिवनारायण मिश्र ने विशेष पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर देवी दुर्गा की महाआरती की गई। मां सरस्वती की सेचतन झांकी सजाई गई।

See Also