हमसफ़र एक्सप्रेस - जोधपुर से मुंबई तक सुपरफ़ास्ट ट्रेन

मुंबई में बसे लाखों प्रवासी राजस्थानियों की जोधपुर से मुंबई के बीच एसी सुपरफास्ट ट्रेन की मांग को पूरा करते हुए रेल मंत्रालय ने पश्चिमी राजस्थान को एक नया तोहफा दिया है।

Scroll down for more.!

केन्द्र सरकार ने राजस्थान को जोधपुर से मुंबई के बीच एसी सुपरफास्ट ट्रेन ‘हमसफर’ के रूप में बड़ी सौगात दी है। केन्द्रीय विधि और न्याय एवं कॉरपोरेट राज्य मंत्री पीपी चौधरी ने जोधपुर एवं पाली को हमसफर ट्रेन की सौगात मिलने पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया है। मंत्री पीपी चौधरी ने कहा कि मुंबई में बसे लाखों प्रवासी राजस्थानियों की जोधपुर से मुंबई के बीच एसी सुपरफास्ट ट्रेन की मांग को पूरा करते हुए रेल मंत्रालय ने पश्चिमी राजस्थान को एक नया तोहफा दिया है। उन्होंने शनिवार रात को जोधपुर में केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल की ओर से जोधपुर के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से बांद्रा टर्मिनस के लिए पहली हमसफर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए आयोजित समारोह में भाग लिया और पाली तक इस ट्रेन में सफर भी किया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हमसफर ट्रेन 20 घंटे में तय करेगी मुंबई का सफर

नई साप्ताहिक हमसफर ट्रेन भगत की कोठी (जोधपुर) से बांद्रा टर्मिनस (मुंबई) के बीच का सफर लगभग 20 घंटे में तय कर लेगी। पूर्णतया वातानुकूलित ट्रेन में तृतीय श्रेणी शयनयान के 18 कोच हैं। भगत की कोठी से बांद्रा टर्मिनस का किराया 1385 रुपए रखा गया है। यह ट्रेन सूचना आधारित डिस्प्ले बोर्ड, आरामदायक व खुशबूदार कोच के अलावा सीसीटीवी से लैस होगी। ट्रेन में बायो-टॉयलेट, मोबाइल व लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि बोर्ड की सुविधा होगी। ट्रेन में खानपान सुविधा के लिए मिनी पेंट्री कार की सुविधा भी है। इस सप्ताहिक ट्रेन के शुरू होने से जोधपुर से मुंबई और मुंबई से जोधपुर सफर करने वाले यात्रियों के समय की बचत होगी साथ ही सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।

Tags

See Also