जैसलमेर को मिली बड़ी सौगात- पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केन्द्र का आगाज

Patrika News Network

Scroll down for more.!

जैसलमेर. बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी ने कहा है कि भारत सरकार की ओर से सीमावर्ती जैसलमेर जिले को पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र के रूप बड़ी सौगात दी गई है।

वर्तमान में भारत डिजिटल इंडिया बनने की ओर अग्रसर है और यह एक अनूठी पहल है। पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र की चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि यहां के लोगों को इससे पहले पासपोर्ट जारी बनवाने के लिए जयपुर और जोधपुर जाना पड़ता था तथा समय और धन खर्च करने के साथ कई कठिनाइयां उठानी पड़ती थी। अब ऐसा नहीं होगा। 

सांसद जैसलमेर के मुख्य डाकघर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे। उन्होंने पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र का फीता काट कर व दीप प्रज्ज्वलित कर षिलापट्ट का अनावरण किया। समारोह के मौके पर सांसद एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने समारोह में उपस्थित बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि खाता योजना की पास-बुकों का वितरण किया। हवाई सेवा के आड़े आती रही है राजनीति कर्नल चौधरी ने विश्व पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहे ऐतिहासिक जैसलमेर जिले में आगामी सितम्बर माह तक हवाई सेवा शुरू करने का आष्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में जैसलमेर हवाई सेवा से जुड़ा हुआ था, लेकिन कई कारणों से यह बंद कर दी गई तथा इससे पुन: जैसलमेर के जुडऩे में राजनीति भी आड़े आई। 

उन्होंने गुजरात के भाभर से जैसलमेर को वाया बाड़मेर रेल मार्ग से जोड़े जाने के संबंध में भी जल्द कदम उठाए जाने का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर नगरपरिषद सभापति कविता खत्री, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्रसिंह भाटी, जिला कलक्टर मातादीन शर्मा, डीआईजी बीएसएफ अमित लोढ़ा, राजस्थान पश्चिम क्षेत्र, जोधपुर के पोस्ट मास्टर जनरल वीसी राय तथा जयपुर के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विवेक जैफ, पूर्व जिला प्रमुख रेणुका भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष जुगलकिशोर व्यास भी अतिथियों के रूप में उपस्थित थे।

वीसी राय तथा विवेक जैफ ने सीमावर्ती जैसलमेर के लोगों के लिए इस सेवा को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि डाक सेवाओं को आधुनिक एवं डिजिटल बनाए जाने के प्रयास किए जा रहे है। जिला कलक्टर मातादीन शर्मा ने कहा कि इस जिले का विकास के क्षेत्र में भविष्य उज्जवल है। पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र का लाभ यहां के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सुगमता से बनाने में मिलेगा। नगरपरिषद सभापति और यूआईटी अध्यक्ष ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने इसके लिए सांसद के प्रयासों की सराहना की।

See Also