कोटा में योगभ्यास का विश्व कीर्तिमान, बाबा रामदेव संग मुख्यमंत्री राजे रहीं मौजूद

चौथे अंतर्राराष्ट्रीय योग दिवस के दिन कोटा जिले ने बाबा रामदेव और प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की मौजूदगी में योगभ्यास का विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।

Scroll down for more.!

चौथे अंतर्राराष्ट्रीय योग दिवस के दिन कोटा जिले ने योगभ्यास का विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। गुरूवार को पतंजलि योग समिति प्रमुख एवं योग गुरू बाबा रामदेव और प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की मौजूदगी में एक लाख पांच हजार से अधिक लोगों ने जिले के आरएसी ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में योगभ्यास किया। इस रिकॉर्ड पर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, बाबा रामदेव और जिला कलक्टर गौरव गोयल को विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र प्रदान किया। बता दें, शिक्षा नगरी कोटा में तीन दिवसीय योग कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है।

आज सवेरे पांच बजे से आरएसी ग्राउंड पर योगभ्यास करने वालों की भीड़ उमड़ने लगी। केवल आधे घंटे के अंदर 70 हजार से ज्यादा की तादात यहां मौजूद थी। इसके बाद योग ऋषि बाबा रामदेव ने विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम तथा आसनों का अभ्यास कराया। कोटा के साथ प्रदेश सहित देशभर में कई जगहों पर योगभ्यास किया गया है। केवल एक दिन में विभिन्न मुद्राओं में 100 विश्व रिकॉर्ड बने जाने की खबर है।

इस मौके पर समारोह स्थल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राज्यभर में योग दिवस के आयोजन में निस्वार्थ योगदान के लिए पतंजलि योग समिति के योग शिक्षकों और अन्य योग संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कोटा में आयोजित समारोह में सहयोग के लिए विभिन्न संस्थाओं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों का तथा बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमजन को धन्यवाद दिया।

Tags

See Also