14-20 नवम्बर तक मनाया जायेगा बाल अधिकार सप्ताह

बाल दिवस पर प्रदेश में बाल अधिकार सप्ताह की शुरूआत होगी। राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग की ओर से मनाए जाने वाले बाल अधिकार सप्ताह के दौरान कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

Scroll down for more.!

राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने बताया कि राजस्थान में पहली बार बच्चों के लिए संवेदनशील माहौल बनाने के लिए 14 से 20 नवम्बर तक बाल दिवस को बाल सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा।

इसके तहत राज्य के संबंधित विभाग नाबालिग बालक और बालिकाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं बाल अधिकारों एवं सुरक्षा हेतु जागरूकता अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत 'बेटी बचाओ, बेटी पढा़ओ' विषय पर वाद विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता, अंताक्षरी और गायन प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मनन चतुर्वेदी ने बताया कि बच्चों को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराते हुए 'गुड टच एवं बैड टच' के बारे में समझाया जाएगा और बाल विवाह एवं बाल श्रम से संबंधित फिल्म बच्चों को दिखाई जाएगी।

बाल सप्ताह के समापन कार्यक्रम में वाद-विवाद, चित्रकला, गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा और सुरक्षित बचपन की शपथ दिलाई जाएगी।

मनन चतुर्वेदी ने बताया कि 14 नवम्बर को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा पोस्टर का विमोचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कच्ची बस्तियों के बच्चों के लिए 15 नवम्बर को सितारे जमी पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

16 नवम्बर से बच्चों से संबंधित प्रकरणों की बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई की जाएगी।

17 नवम्बर को विद्यालय सुरक्षा से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। 19 नवम्बर को विधानसभा के नजदीक बच्चों की संसद लगाई जाएगी।

राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने राजस्थान विश्वविद्यालय के लाइफ लॉग लर्निंग विभाग में प्रेसवार्ता कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।

स्त्रोत: न्यूज़18, खासखबर

Tags

See Also