पुष्कर में बनेगा गो अभयारण्य, सैलानियों को मिलेगी प्राकृतिक चिकित्सा

तीर्थराज पुष्कर में जल्द ही सावित्री माता मंदिर के पास गो अभयारण्य बनेगा

Scroll down for more.!

अजमेर. तीर्थराज पुष्कर में जल्द ही सावित्री माता मंदिर के पास गो अभयारण्य बनेगा। इसमें करीब दो हजार गायों को रखा जा सकेगा। इससे पुष्कर में घूमने वाली आवारा गायों से राहत मिलेगी और बाजार में गंदगी की समस्या से भी निजात मिल सकेगी। सैलानियों के लिए प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधा भी मुहैया हो सकेगी। प्राकृतिक चिकित्सक सेंटर के लिए भी रियायत दर पर जमीन आवंटित की जाएगी।

पुष्कर नगर पालिका के चेयरमैन कमल पाठक ने जिला कलक्टर गौरव गोयल को पुष्कर में आवारा पशुओं को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि सूनी गायों व आवारा पशुओं को लेकर बहुत समस्या हो रही है। गायें दिनभर बाजारों में घूमने से विदेशी सैलानियों के लिए भी परेशानी का सबब बनीं हुई है और बाजार में गंदगी भी हो रही है। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि सावित्री माता मंदिर के पास सरकारी जमीन पर टीन शेड लगाकर गौशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 200-200 गायों को रखने के लिए अलग-अलग शेड बनाकर उसमें पानी का बंदोबस्त किया जाएगा।

इस गौशाला को अलग-अलग संस्थाओं को सौंपा जाएगा। कुछ राशि नगरपालिका द्वारा वहन की जाएगी और बाकी राशि गोद लेने वाली संस्थाओं को वहन की जाएगी। ऐसी व्यवस्था भी की जाएगी कि गौशाला में रहने वाली गायों को चरने के लिए बाहर ले जाया जाएं इसके लिए अभयारण्य बनाया जाएगा। इससे आवारा जानवरों से निजात मिल सकेगी। गायों के लिए अपने आप में यह पहला गो अभयारण्य होगा।

उन्होंने चेयरमेन कमल पाठक को इसका प्लान जल्द बनाने को कहा। पाठक के आग्रह पर कलेक्टर ने पुष्कर में प्राकृतिक चिकित्सा सेंटर के लिए भी हामी भरी। पाठक ने कलक्टर को जानकारी दी कि नासिक की संस्था पुष्कर में प्राकृतिक चिकित्सा सेंटर खोलने में रूचि ले रही है, वह खुद भी वहां दस दिन तक रहकर चिकित्सा का लाभ ले चुके है। इस पर कलक्टर ने ऐसी संस्था को पुष्कर में वाजिब दर पर जमीन आवंटित करने की स्वीकृति दी।

स्त्रोत : भास्कर न्यूज़ नेटवर्क

See Also