राजस्थान के 30 जिलों में नये वेयरहाऊसों का होगा निर्माण: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

राजस्थान में होने वाले आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपेट के रखरखाव के लिए 30 जिलों में वेयरहाऊसों का निर्माण करवाया जायेगा।

Scroll down for more.!

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत ने बुधवार को बताया कि इन वेयरहाउसों का निर्माण 31 मार्च 2018 तक कराया जायेगा। उन्होनें यह जानकारी राज्य के विभिन्न जिलों में ईवीएम एवं वीवीपेट के लिए वेयरहाऊस निर्माण के सम्बंध में मुख्य अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ आयोजित बैठक में दी।

उन्होनें बताया कि इन वेयरहाऊसों के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 54 करोड़ 54 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं। इस स्वीकृत राशि में चालू वित्तीय वर्ष 2017-18 के दौरान निर्माण कार्य में 27 करोड़ 27 लाख रुपए की राशि व्यय की जायेगी तथा आवश्यकता होने पर इसी वित्तीय वर्ष में अधिक राशि भी आवंटित की जा सकेगी।

उन्होनें बताया कि राज्य के 23 जिलों में नवीन ईवीएम एवं वीवीपेट के रखरखाव के लिए नये वेयरहाऊसों का निर्माण किया जायेगा तथा सात जिलों में वर्तमान में स्थापित वेयरहाऊसों का नवीनीकरण एवं विस्तार किया जायेगा।

उन्होनें बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार 01 अप्रेल, 2018 तक नई ईवीएम मशीन एवं वीवीपेट मशीन प्राप्त हो जायेगी। इन नये वेयरहाऊसों के नक्शों की प्रतियां भी प्राप्त हो गयी है। उन्होनें मुख्य अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिये है कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त नक्शों के अनुसार अथवा सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किये गये नक्शे के अनुसार कार्य शुरू करवाये जायें।

उन्होनें मुख्य अभियंता को यह भी निर्देश दिया है कि इन निर्माण कार्यों को सही समय पर सम्पादित करने के लिए एक अलग से नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया जावे ताकि वह समय-समय पर नये वेयरहाऊसों के निर्माण कार्यों की जानकारी समय-समय पर देते रहे।

स्त्रोत: समाचारजगत

See Also