एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए खुशनुमा माहौल बनाएंगे CISF जवान

'बिहेवियरल एंड सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग कोर्स' के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) अपने जवानों में भावनात्मक व नैतिकता से जुडे गुणों को विकसित करने का काम कर रहा है।

Scroll down for more.!

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इन दिनों अपने जवानों में भावनात्मक व नैतिकता से जुडे गुणों को विकसित करने का काम कर रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि सीआईएसएफ एयरपोर्ट पर होने वाली सुरक्षा जांच के दौरान आपको खुशनुमा अहसास दिलाना चाहती है। जिससे आपकी यात्रा की शुरुआत बेहतर तरीके से हो सके।

जानें क्या रहेगा खास

- इसके लिए वह अपने जवानों को 'मुस्कुराने' की ट्रेनिंग देगी। इसे बाकायदा सीआईएसएफ ने अपने 'बिहेवियरल एंड सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग कोर्स' में शामिल भी किया है।

- इसमें यह भी सिखाया जाएगा कि यात्रियों के सामने सुरक्षाकर्मियों की बॉडी लैंग्वेज कैसी हो और उनका व्यवहार कैसा हो, वे किस लहजे में यात्रियों से बात करें आदि।

- सूत्रों ने बताया कि एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा सभी जवानों को मौखिक तौर पर भी यह निर्देश दिया जा रहा हैं कि यात्रियों के सामने 'स्माइल' करना अनिवार्य होगा।

-यात्री के पहुंचते ही सुरक्षा अधिकारी मुस्कुराते हुए बोर्डिंग पास लेगा और विनम्रता से पूछेगा- 'आप कैसे हैं'।

- इस तरह के व्यवहार से एक तरफ जहां यूनिफॉर्म की गरिमा बनी रहेगी। वहीं दूसरी तरफ यात्री स्वयं पर बेवजह का रौब भी नहीं महसूस करेगा।

हैदराबाद में दी जा रही है ट्रेनिंग

- सीआईएसएफ एआईजी (हैडक्वार्टर) हेमेंद्र ने बताया कि देश के 59 बड़े एयरपोर्ट पर तैनात लगभग 28 हजार सीआईएसएफ जवानों को सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग दे रहे हैं।

- जनवरी से इसकी शुरुआत की जा चुकी है। पहले चरण में हैदराबाद स्थित निसा सेंटर में ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

- परीक्षण के बाद ये ट्रेनर देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर तैनात जवानों को ट्रेनिंग देंगे।

- मौजूदा समय में एयरपोर्ट सेक्टर में करीब 28 हजार जवान और अधिकारी तैनात हैं।

सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी चेकिंग करने वाले जवानों के व्यवहार पर निगरानी

- एयरपोर्ट पर यात्रियों के साथ जवानों के व्यवहार पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। - सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम सुनिश्चित करना चाहते हैं, कि हमारे जवान के व्यवहार के कारण यात्रियों को परेशानी न हो।

- ऑपरेशन कंट्रोल रूम से जांच अधिकारी के व्यवहार और हाव-भाव पर निगरानी रखेंगे।

- डेली बेसिस पर इसकी रिपोर्ट भी बनेगी। प्रत्येक सप्ताह इन रिपोर्ट्स की समीक्षा भी की जाएगी। - ऐसा न करने वाले जवान पर विभागीय कार्रवाई तक की जा सकती है।

लंबी क्यू से यात्री होते हैं परेशान

- एयरपोर्ट पर ज्यादातर यात्री जल्दी में रहते हैं। कई बार लंबी क्यू यात्रियों की परेशानी व झुंझलाहट को बढ़ा देती है।

- यात्री जल्द से जल्द बोर्डिंग गेट पर पहुंचना चाहते हैं। वहीं, जांच अधिकारी की कोशिश होती है कि वह यात्री की सही तरीके से पूरी जांच करे।

- जिसके चलते कई बार यात्रियों का गुस्सा जांच अधिकारी पर निकल जाता है।

- ऐसे में सीआईएसएफ का मानना है कि उसके जवान की एक मुस्कुराहट यात्री को बेहद शांत व सहज बना देती है।

स्त्रोत: भास्कर

Tags

See Also