बेटी जन्मोत्सव पर आज राजस्थान के गांव-गांव में कटेगा केक

bhaskar news | Mar 02, 2017, 05:21 AM IST

Scroll down for more.!

अजमेर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 2 मार्च से 8 मार्च तक महिला सशक्तीकरण सप्ताह मनाया जाएगा। बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम के रूप में इसका शुभारंभ होगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक अनुपमा टेलर ने बताया कि 2 मार्च को बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय की एक सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी पर मनाया जाएगा। केक काटकर मंगल गीत गाए जाएंगे।

यह कार्यक्रम समेकित बाल विकास सेवा, महिला अधिकारिता एसआरसीडब्ल्यू और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आयोजित होगा। ग्राम पंचायत मुख्यालय की सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी से संबद्ध इस वर्ष में जन्मी बालिकाओं का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया जाएगा। समारोह में सरपंच सहित अन्य महिला जनप्रतिनिधि आमंत्रित होंगी। ऐसी माताएं सम्मानित होंगी, जिन्होंने इस वर्ष बेटियों को जन्म दिया है।

आत्मरक्षा के गुर सिखा सिखाएंगे

3 मार्च को आईसीडीएस के द्वारा बालिकाओं और महिलाओं के समुचित पोषण का महत्व विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 4 व 5 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस राज्य स्तर पर मनाया जाएगा। 6 मार्च को जिलों में बालिकाओं के द्वारा आत्मरक्षा के प्रदर्शन का एक घंटे का कार्यक्रम युवा व खेलकूद मामलात विभाग के साथ समन्वय से आयोजित होगा। कार्यक्रम का समन्वय महिला संरक्षण प्रकोष्ठ करेगा। अगले दिन 7 मार्च को महिला सुरक्षा एवं संरक्षण के विषय पर कार्यशाला होगी।

महिला संरक्षण पर दिखाएंगे फिल्में

उप निदेशक अनुपमा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को जिला मुख्यालय के जवाहर रंगमंच पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या सहित महिला संरक्षण से जुड़े विषयों पर फिल्में दिखाई जाएंगीं। साथ ही सर्वश्रेष्ठ साथिन आैर यशोदा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई जाएगी।

See Also